वाराणसी में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, सेल्फी ले रहे 4 दोस्तों की मौत; 4 जिंदगी और मौत से जूझ रहे
वाराणसी में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, सेल्फी ले रहे 4 दोस्तों की मौत; 4 जिंदगी और मौत से जूझ रहे
लखनऊ,
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोमवार सुबह प्रयागराज-वाराणसी हाईवे (NH-19) पर एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर यह हादसा उस समय हुआ, जब विंध्याचल धाम में दर्शन कर लौट रहे दोस्त अपनी स्कॉर्पियो रोककर सेल्फी ले रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे दोस्तों ने ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो (UP 65 EB 2199) रोक दी। इसके बाद सभी गाड़ी से उतरकर तस्वीरें लेने लगे। कुछ दोस्त सेल्फी ले रहे थे, जबकि कुछ रेलिंग के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग दूर जा गिरे और दो युवक करीब 30 फीट नीचे गिर गए। हादसे में स्कॉर्पियो का भी बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस को ओवरब्रिज पर तीन शव मिले, जबकि एक शव नीचे पड़ा था। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान आनंद यादव (25), आलोक मिश्रा (30), प्रदीप सिंह (36) और विद्वांशु यादव (30) के रूप में हुई है। वहीं, सावन यादव (26), किशन यादव (35), राजकुमार यादव (35) और निखिल (32) घायल हुए हैं। सभी का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। इनमें निखिल की हालत भी गंभीर बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी पहचान कर तलाश में जुटी है।
जांच के दौरान स्कॉर्पियो के अंदर प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी मिली। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सभी दोस्त विंध्याचल धाम में दर्शन कर वाराणसी लौट रहे थे। बताया गया है कि निखिल के जन्मदिन के मौके पर सभी दोस्त दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। तस्वीर में सात दोस्त दिखाई दे रहे हैं, जबकि आठवां दोस्त फोटो ले रहा था। इस हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि बाकी चार गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले प्रदीप सिंह (36) चोलापुर के एकला गांव के रहने वाले थे और मीशो में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। जन्मदिन मनाने और दर्शन करने निकले दोस्तों का सफर इस दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
Add Comment