Rahul Gandhi Detained as Delhi Protest Against CEC Escalates
अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला, निष्पक्षता पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर 2026
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों, चुनावों में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखीं। साथ ही, उन्होंने ‘एक देश, एक चुनाव’ के प्रस्ताव को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए।
अखिलेश यादव ने कहा, “चुनाव आयोग को लेकर के शिकायत और आपत्तियां और जिस तरह चुनाव आयोग काम कर रहा है ये पहली बार नहीं है। चुनाव आयोग चाहता है ये वही लोग भारतीय नागरिक हैं जो भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं। चुनाव ये भी मानता है कई बार देखने को मिला है कि जो भारतीय जनता पार्टी का सदस्य है वही वोट डाल सकता है और भारतीय जनता पार्टी के बारे में जो लोग कहते थे कि ये इलेक्शन मशीन की तरह काम करती है, आज कल ज्यादा मुंह पे आ रहा है। केवल चुनाव से नहीं जीतते, पैसा इनके पास बहुत है।” उन्होंने बंगाल और उत्तर प्रदेश के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, “बंगाल में देखा कि फोर्स के माध्यम से कैसे बूथ लूट लिया और बंगाल में नहीं लूटा उससे पहले यूपी में लूटा। आपका जो सेमी फाइनल होता है या कहे कि कोई चीज करने से पहले टेस्ट करने के लिए कुंदरकी का चुनाव इन्होंने लूटा, मीरापुर का चुनाव इन्होंने लूटा, आपका अयोध्या का चुनाव, अंबेडकर नगर का उपचुनाव।”
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “तो चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है, चुनाव आयोग संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है। बीजेपी जब से आई है तब से चुनाव आयोग ने बीजेपी के लिए काम करना शुरू कर दिया है।” उन्होंने दिल्ली में भाजपा के बड़े कार्यालय को लेकर भी टिप्पणी की और कहा, “कभी कभी मन में आता है के दिल्ली में बहुत बड़े कार्यालय भारतीय जनता पार्टी ने बनाए, क्यों बनाने की जरूरत थी? चुनाव में एक फ्लोर ले लेते वहीं से काम करते रहते तो बहुत अच्छा रहता, जरूरत क्या थी पार्टी का अलग बनाने की।” मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने कहा, “और अगर एक भी आपत्ति पे, एक भी शिकायत पर अगर चुनाव आयोग ने कार्रवाई की हो तो बताए। समाजवादी पार्टी ने नंदलाल निषाद जिसके फर्जी दस्तखत करके वोट काटे थे, फॉर्म ७ भरवाया था, किसी पे कार्रवाई की हो तो बताए, अधिकारी पर।”
अखिलेश यादव ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के प्रस्ताव को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी वन इलेक्शन, वन नेशन वन इलेक्शन नहीं, भारतीय जनता पार्टी ऐसा करना चाहती है कि एक ही बार घपला कर दे फिर हमेशा पांच साल राज करें, जिससे बार बार जांच की जरूरत न पड़े। कभी बंगाल का चुनाव तो वहां जांच करानी पड़ जाए या किसी और चुनाव में जाए। एक बार चुनाव हो जाए, एक बार घपला कर दे, इसलिए वन नेशन वन इलेक्शन की थ्योरी पे काम करना है। देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।”
अखिलेश यादव के बयानों में चुनाव आयोग की निष्पक्षता, मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उनके आरोप प्रमुखता से सामने आए। उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा और ‘एक देश, एक चुनाव’ की व्यवस्था पर भी अपना विरोध दर्ज कराया। उनके ये आरोप राजनीतिक दावे हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर राजनीतिक बहस जारी है।
Add Comment