PM Modi’s Forgiveness Gives Minor Girl a ‘New Life’, Says Mother
नशे के खिलाफ युवाओं की नई मुहिम, 2 अगस्त से 100 सप्ताह का अभियान
नई दिल्ली, 02 अगस्त 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से **‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान’** की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से युवा ऑनलाइन जुड़ेंगे। माय भारत वॉलिंटियर्स, माय भारत नेशनल सर्विस स्कीम वॉलिंटियर्स, युवा क्लबों के साथ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर सरकारी संगठन, उद्योग संघों के युवा विंग और 125 से अधिक सहयोगी आध्यात्मिक संगठन भी कार्यक्रम में वर्चुअली भाग लेंगे।
इस पहल का लक्ष्य युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें अपने समुदायों में सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने वाले प्रतिनिधि के रूप में आगे बढ़ाना है। अभियान की शुरुआत के साथ ही नशीली दवाओं के सेवन के खिलाफ 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी कार्यक्रम शुरू होगा। इसके तहत नशामुक्त समाज के लिए जागरूकता और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से हर रविवार देशभर में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत खेल गतिविधियां, वाकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक आयोजन, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को इस मुहिम से सक्रिय रूप से जोड़ना होगा।
पहल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक समाज समूहों, उद्योग निकायों और आध्यात्मिक संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर मादक पदार्थों के खिलाफ सामूहिक भागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। इसका व्यापक उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भूमिका के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए देशव्यापी जनआंदोलन को गति देना है।
Add Comment