Delhi Court Restores Umar Khalid’s Two Weekly Family Video Calls
बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था, पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का भव्य शुभारंभ
नई दिल्ली, 15 जुलाई 2026
ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गई। शाम 5:05 बजे सबसे पहले भगवान बलभद्र का रथ तालध्वज आगे बढ़ा, जिसके बाद माता सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के रथों को खींचने की प्रक्रिया शुरू हुई। लगातार हो रही बारिश के बावजूद यात्रा मार्ग पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालु डटे रहे। यह पावन यात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित गुंडीचा मंदिर तक पहुंचेगी।
रथयात्रा से पहले पारंपरिक पहांडी रस्म निभाई गई। भारी बारिश के कारण भगवान जगन्नाथ को इस बार बिना मुकुट के मंदिर से बाहर लाया गया। साथ ही, उन्हें पारंपरिक रूप से झुलाते हुए बाहर लाने के बजाय धीरे-धीरे और सावधानीपूर्वक बाहर लाया गया। इसके बाद पुरी के गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव ने परंपरा के अनुसार सोने की झाड़ू से तीनों रथों के आगे मार्ग साफ किया, जिसके साथ रथयात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ।
उधर, गुजरात के अहमदाबाद में भी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जा रही है। पिछले वर्ष रथयात्रा के दौरान तीन हाथियों के बेकाबू होने की घटना को देखते हुए इस बार हाथियों के पैरों में जंजीरें बांधी गईं। वहीं, रथयात्रा के खड़िया पोल पहुंचने पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत लोगों को सड़क से हटा दिया गया।
अहमदाबाद के जमालपुर जगन्नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला आरती का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने परंपरा के अनुसार सोने की झाड़ू से मार्ग साफ किया और रथयात्रा को विधिवत रवाना किया।
Add Comment