प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया में, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने किया स्वागत
पीएम मोदी इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं. फिलहाल पीएम मोदी इंडोनेशिया में हैं. आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ पीएम मोदी की खास बैठक होने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इस बैठक का मकसद भारत-इंडोनेशिया की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है.
दोनों नेता रक्षा, समुद्री सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल इकोनॉमी जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. साथ ही 2018 में शुरू हुई व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की भी समीक्षा होगी.
बैठक से पहले राष्ट्रपति प्रबोवो खुद एयरपोर्ट पहुंचकर पीएम मोदी का स्वागत करने आए. इस खास स्वागत पर मोदी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद आत्मीय और यादगार पल था.
बैठक से पहले पीएम मोदी ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस विशेष भाव की सराहना की, जिसमें उन्होंने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपति प्रबोवो का एयरपोर्ट पर स्वागत करने आना उनके लिए बहुत गर्मजोशी और भावनाओं से भरा था. उन्होंने कहा, “साल 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था, जिसका लाभ दोनों देशों के लोगों को मिला है. इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो और मैं विभिन्न क्षेत्रों में इस साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए विस्तार से चर्चा करेंगे.”
इस दौरे के दौरान दोनों नेता योग्याकार्ता स्थित विश्व प्रसिद्ध प्रम्बानन हिंदू मंदिर भी जाएंगे. यहां मंदिर के संरक्षण और पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) परियोजना की शुरुआत का ऐलान भी किया जा सकता है. भारत के इंडोनेशिया में राजदूत के अनुसार, दोनों नेता इस दौरान प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) कार्य की शुरुआत की भी घोषणा कर सकते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि वह इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हैं.
यह इंडोनेशिया की मोदी की चौथी यात्रा है, लेकिन व्यापक रणनीतिक साझेदारी बनने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है. पिछले साल राष्ट्रपति प्रबोवो भारत आए थे, जहां दोनों देशों ने रणनीतिक और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम समझौते किए थे.
Add Comment