Mrunal Thakur Celebrates Her Curves, Opens Up About Her Body Acceptance Journey
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामला : CBI की 6 राज्यों में बड़ी कार्रवाई
महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शिकंजा कसते हुए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई ऐप के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर की। छापेमारी के दौरान कई डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। CBI के मुताबिक, इस कार्रवाई में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारियों की अहम भूमिका रही है। CBI ने महादेव ऑनलाइन बुक के अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ पिछले कुछ दिनों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी की टीमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर समेत कई शहरों में पहुंचीं। ये छापे ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर मारे गए। जांच एजेंसी के अनुसार, मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद पूछताछ की गई थी। इसी दौरान मिली जानकारियों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी में मिले सट्टेबाजी के लाइव पैनल, कई उपकरण जब्त
CBI की तलाशी के दौरान कुछ ठिकानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के लाइव पैनल संचालित होते मिले। जांच एजेंसी ने इन पैनलों को बंद करा दिया है। इसके अलावा मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
शुरुआती जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि सट्टेबाजी के पैसों के लेन-देन में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका उपयोग किसी दूसरे व्यक्ति या अवैध गतिविधि के लिए किया जाता है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
CBI ने सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था।
पूछताछ के दौरान चंद्राकर ने कथित तौर पर बताया कि महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म किस तरह संचालित होता है और भारत में इसके पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क कैसे काम करता है। जांच एजेंसी ने उससे बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी सवाल-जवाब किए।
CBI ने दर्ज की हैं दो FIR
छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद CBI ने महादेव ऑनलाइन बुक सट्टा ऐप मामले में दो FIR दर्ज की थीं। अब तक की जांच के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश में स्थित एक कथित मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था। भारत में पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क ग्राहकों की आईडी संभालता था और सट्टेबाजी से जुड़ी रकम जमा कराने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। इसके बाद कथित तौर पर हवाला के जरिए मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
Add Comment