Palak Tiwari, Vishal Jethwa Pair Up for Anand Tiwari’s Next OTT Project
चिराग पासवान बोले- प्रदर्शन करें, सवाल पूछें, लेकिन जवाब भी जानें
नई दिल्ली, 08 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र में विरोध और प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष के रुख पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रदर्शन करने का अधिकार है और मजबूत विपक्ष सरकार की जवाबदेही तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाने के साथ उनके जवाब जानने के लिए संवैधानिक और औपचारिक प्रक्रिया अपनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
चिराग पासवान ने कहा, “लोकतंत्र में इजाजत है प्रदर्शन करने की, आप जरूर प्रदर्शन करें और बल्कि लोकतंत्र इससे मजबूत ही होता है। जितना सशक्त विपक्ष दिखता है या जितना सक्रिय विपक्ष दिखता है उतनी ही सरकार या सत्ता पक्ष के लोगों की जवाबदेही बनती है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष को प्रदर्शन के साथ अपने सवालों के जवाब जानने की कोशिश भी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “ऐसे में आप घेरिए, सवाल कीजिए सब कीजिए पर उन सवालों के जवाब भी जानने का प्रयास कीजिए क्योंकि फॉर दि लैक ऑफ नॉलेज आप सिर्फ हंगामा ही करते रहेंगे और ये नॉलेज सड़क से नहीं मिलने वाली।” चिराग पासवान ने सुझाव दिया कि राजनीतिक दल चुनाव आयोग से समय लेकर सीधे अपने सवाल रखें और उनके जवाब हासिल करें।
चिराग पासवान ने कहा, “लोकतंत्र में सवाल मैंने भी उठाए थे।” उन्होंने चुनाव आयोग को स्वतंत्र संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि किसी राजनीतिक दल के पास आयोग की आंतरिक बैठकों में होने वाली गतिविधियों की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं होती। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर बिंदुवार सवाल उठाए थे और उन्हें जवाब मिले, जिनसे वह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष भी चाहे तो दोबारा समय लेकर अपने सवाल रख सकता है।
प्रदर्शन के तरीके पर चिंता जताते हुए चिराग पासवान ने कहा कि हर संस्था की अपनी मर्यादा होती है और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को भी ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है हंगामा हुआ, अब सवालों के जवाब मांगे, विधिवत तरीके से।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति पैदा होना चिंता का विषय हो सकता है। ऐसे में उन्होंने विपक्ष से सवालों के जवाब लेने के लिए औपचारिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाने की अपील की।
Add Comment