CBSE 12th Result 2026 Declared: सीबीएसई 12वीं रिजल्ट में 85.20% स्टूडेंट्स पास
सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उपस्थित हुए छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को इंटरमीडिएट (12वीं) बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। ऐसे में जो छात्र-छात्राएं बोर्ड परिणाम जारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वे अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा डिजीलॉकर पोर्टल और उमंग ऐप पर भी जाकर अपना रिजल्ट चेक करने के साथ स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। सीबीएसई की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, इस वर्ष परीक्षा में कुल 85.20 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जिसमें लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारते हुए लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा में लड़कियों का कुल पास प्रतिशत 88.86 फीसदी और लड़कों का 82.13 फीसदी दर्ज किया गया है। सीबीएसई 12वीं रिजल्ट में 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत और उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं जबकि 17,113 छात्रों ने 95 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए 17 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें लगभग 16.8 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से करीब 15 लाख छात्रों को सफल घोषित किया गया है। यह संख्या बताती है कि CBSE परीक्षा देश की सबसे बड़ी शैक्षणिक परीक्षाओं में से एक है।
इस साल पास प्रतिशत में गिरावट
इस बार कुल पास प्रतिशत 85.20% दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष के 88.39% से कम है। यानी लगभग 3.19% की गिरावट देखने को मिली है। विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा पैटर्न में बदलाव और मूल्यांकन प्रक्रिया में सख्ती इसका कारण हो सकते हैं।
एक बार फिर लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए लड़कों से आगे स्थान हासिल किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का 82.13%। दोनों के बीच लगभग 6.73% का अंतर दर्ज किया गया है, जो शिक्षा में बेटियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
कौन से क्षेत्र रहे सबसे आगे?
देशभर के अलग-अलग रीजन में प्रदर्शन में अंतर देखने को मिला-
तिरुवनंतपुरम (केरल): लगभग 99% के साथ टॉप पर
विजयवाड़ा और चेन्नई: बेहतरीन प्रदर्शन के साथ शीर्ष क्षेत्रों में शामिल
प्रयागराज और पटना: अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन, सुधार की आवश्यकता
दिल्ली: औसत से बेहतर परिणाम
Add Comment