Avengers: Doomsday Final Trailer Brings Back Steve Rogers, Teases Epic Marvel Battle
मुख्यमंत्री धामी ने कढ़ाई में छानी जलेबियां, खटीमा मेले में दिखा देसी अंदाज; VIDEO वायरल
नई दिल्ली, 24 नवंबर 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस मेले में मुख्यमंत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह किसी अतिथि की तरह नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच पहुंचकर खुद जलेबियां बनाते दिखाई दे रहे हैं।
मेले का शुभारंभ करने और शारदा नदी के तट पर पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मेले में लगी दुकानों का भ्रमण किया। इसी दौरान वह एक स्थानीय हलवाई की दुकान पर पहुंचे और जलेबी बनाने वाला कपड़ा लेकर खुद कढ़ाई में जलेबियां छानने लगे। वहां मौजूद लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। मुख्यमंत्री ने गर्मागर्म जलेबियों का स्वाद लिया और वहां मौजूद लोगों को भी खिलाया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से सिंघाड़े और पकौड़ियां खरीदीं तथा उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान स्थानीय कारोबार और 'वोकल फॉर लोकल' को प्रोत्साहित करने का संदेश भी नजर आया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने मेले से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि वह चौथी कक्षा से ही 22-पुल झनकईया मेले में आते रहे हैं। भारत-नेपाल सीमा के निकट आयोजित होने वाले इस मेले को दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन सदियों पुराने 'रोटी-बेटी' के रिश्तों को और मजबूती प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शारदा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत दो स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की। ये घाट झनकईया और काला पुल के पास पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में बनाए जाएंगे। मेले में मुख्यमंत्री का सहज और स्थानीय लोगों के बीच घुलने-मिलने वाला अंदाज जहां चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं स्नान घाटों की घोषणा को क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Add Comment