नेपाल की समृद्धि में भारत बनेगा ऊर्जा साझेदार, PM मोदी ने हाइड्रोपावर और कनेक्टिविटी पर दिया जोर
जनता दर्शन में CM योगी का अलग अंदाज, क्रिकेटर बनने का सपना देख रहे बच्चे को दिया भरोसा
लखनऊ, 23 नवंबर 2026
लखनऊ में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ एक बच्चे के क्रिकेटर बनने के सपने को भी प्रोत्साहित किया। गोंडा से पहुंचे कक्षा-8 के छात्र प्रिंस साहू ने क्रिकेट की ट्रेनिंग और आर्थिक सहायता की मांग रखी थी। उसकी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए उसे समझाया और पढ़ाई के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र स्थित पड़री पारासराय गांव के रहने वाले प्रिंस ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का जुनून है और वह इस खेल में अपना नाम बनाना चाहता है। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वह क्रिकेट की फीस भरने और जरूरी किट खरीदने में सक्षम नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने करीब 4-5 मिनट तक बच्चे की काउंसलिंग की और कहा, “बेटा तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़ लिखकर ‘प्रिंस’ बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।” उन्होंने उसे सलाह दी कि खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे और अच्छे अंकों से कक्षा उत्तीर्ण करे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आगे उसकी क्रिकेट कोचिंग की व्यवस्था के साथ आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की और उनके प्रार्थना पत्र लेकर समस्याएं सुनीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाए। उन्होंने आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। जरूरतमंदों के मेडिकल एस्टीमेट मिलते ही सरकार तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजकर जल्द समाधान के निर्देश दिए।
Add Comment