Shah Rukh Khan Turns 61, Greets Fans from Mannat on His Birthday
यूपी में एक लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान, अग्निवीरों को मिलेगा 20% आरक्षण
लखनऊ, 02 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी छह महीनों में एक लाख नियुक्ति पत्र बांटने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न विभागों में भर्ती की तैयारियां पूरी की जा रही हैं और कई पदों पर नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला शुरू हो चुका है। इस दौरान उन्होंने पुलिस भर्ती, शिक्षक नियुक्तियों, खिलाड़ियों को सरकारी पद देने और अग्निवीरों के लिए आरक्षण की व्यवस्था को लेकर भी जानकारी साझा की।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसी सप्ताह साढ़े चार हजार सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इसके बाद दीपावली के तुरंत बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। वहीं, 42 हजार होमगार्डों को भी इसके बाद नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पुलिस और होमगार्ड के अलावा शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। अधीनस्थ सेवा से जुड़े अलग-अलग विभागों में करीब 25 से 30 हजार नियुक्तियां की जानी हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "अब तो हम कह रहे हैं कि देश के लिए पदक लाओ और हमसे पद पाओ।" उन्होंने बताया कि ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस में सीधे डिप्टी एसपी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों को खेल अधिकारी सहित विभिन्न सरकारी विभागों में भी नियुक्तियां दी गई हैं।
अग्निवीर योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले युवाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे अग्निवीरों को प्रदेश सरकार के पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग और कारागार विभाग समेत विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्हें सीधी भर्ती के जरिए सरकारी सेवाओं में शामिल करने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि अग्निवीरों के पास चार साल की सैन्य सेवा, प्रशिक्षण और देश की सुरक्षा में योगदान देने का अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि सेवा पूरी कर लौटने वाले इन युवाओं को सम्मान के साथ उत्तर प्रदेश सरकार में नौकरी दी जाएगी।
Add Comment