Shah Rukh Khan Turns 61, Greets Fans from Mannat on His Birthday
मुजफ्फरपुर में गैस ब्लास्ट से तबाही, एक की मौत और सात गंभीर रूप से घायल
पटना, 02 नवंबर 2026
बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को एक निर्माण स्थल पर हुए गैस विस्फोट ने भयावह स्थिति पैदा कर दी। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही इलाके में हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुदाई में इस्तेमाल हो रही जेसीबी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास खड़े वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, गोबरसही से डुमरी की ओर जाने वाली सड़क पर नाला निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी से आईओसीएल की रसोई गैस पाइपलाइन टूट गई और गैस का रिसाव शुरू हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन बंद कराने के लिए आईओसीएल की टीम को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब आधे घंटे तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसी बीच अचानक जोरदार धमाका हो गया।
धमाके का असर घटनास्थल तक सीमित नहीं रहा। इसकी आवाज और झटकों से आसपास के घरों में दहशत फैल गई। कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि कुछ घरों में दरारें पड़ने की भी जानकारी सामने आई है। विस्फोट में जेसीबी के परखच्चे उड़ गए और पास खड़ी थार गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जल गई। आसपास मौजूद कई लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सदर अस्पताल और एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारी हादसे की जांच में जुटे हैं।
Add Comment