गिरिराज सिंह का राहुल गांधी को चेतावनी, बोले- ‘झूठ की खेती अब नहीं चलेगी’
खड़गे का बड़ा ऐलान, 1 नवंबर को दिल्ली में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर 2026
त्योहारों के मौसम में महंगाई और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है और यह अब भी जारी है। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महा रैली आयोजित करने का ऐलान किया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संदेश में कहा, “नमस्कार साथियों, ये त्योहार का मौसम है लेकिन इस समय आप कमर-तोड़ महंगाई से जूझ रहे हैं पर सरकार को इसकी बिल्कुल भी चिंता नहीं क्योंकि वो सिर्फ वोट चोरी करना जानते हैं। वोट चोरी बड़े पैमाने पर हुई है और अभी भी हो रही है। करोड़ों भारतीयों का मत देने का संवैधानिक हक खतरे में है।” उन्होंने महंगाई और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कथित वोट चोरी के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के कहने पर किया गया है। खड़गे के अनुसार, विपक्षी दलों की दो प्रमुख मांगें हैं—मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
इन मांगों को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महा रैली आयोजित की जाएगी। खड़गे ने लोगों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा, “आपसे अपील है कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए इस रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस मुहिम को सफल बनाएं। जय संविधान, जय हिंद।”
खड़गे की घोषणा के साथ ही मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दे विपक्ष की राजनीतिक मुहिम के केंद्र में आ गए हैं। कांग्रेस इस रैली के जरिए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश कर रही है। अब एक नवंबर को होने वाली रैली पर नजर रहेगी, जहां इन मुद्दों को लेकर विपक्ष अपना पक्ष रखेगा।
Add Comment