लखनऊ में मां की हत्या: 17 साल के बेटे ने इंटरनेट से तैयार की थी पूरी योजना
लखनऊ, 02 अक्टूबर 2026
लखनऊ के नाका इलाके में गुरुवार रात 17 वर्षीय किशोर द्वारा अपनी मां की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, किशोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले इसकी तैयारी की थी। उसने इंटरनेट की मदद से एक डायरी तैयार की थी, जिसमें हत्या और उसके बाद किए जाने वाले कदमों का जिक्र था। पुलिस को उसके पास से वारदात में इस्तेमाल मास्टर रिंच और अन्य सामान भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक, किशोर मां से मिलने के बहाने घर पहुंचा था। उसने मां से चाय बनाने की बात कही। इसके बाद करीब 15 मिनट तक कमरे का दरवाजा बंद रहा। इसी दौरान उसने रिंच से मां के सिर पर कई वार किए। पुलिस को मिली डायरी में हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले सामान और सबूत मिटाने के लिए गर्म पानी रखने जैसी बातें भी दर्ज थीं। पुलिस ने डायरी, मोबाइल फोन, रिंच और वारदात के दौरान पहने गए कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि किशोर को माता-पिता की रोक-टोक पसंद नहीं थी। उनके मुताबिक, शरीर पर किसी के टच करने पर वह आक्रामक हो जाता था और उसे लड़कियों की तरह कपड़े पहनने तथा सजने-संवरने का शौक था। पुलिस इन पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है। परिवार के करीबी सदस्य नरेश ने बताया कि लड़का करीब 10-11 साल की उम्र से जेंडर पहचान को लेकर परेशान था। उम्र बढ़ने के साथ उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। घर में विवाद और मारपीट की स्थिति बनने के बाद करीब चार महीने पहले परिवार ने गणेशगंज में उसके लिए अलग फ्लैट लिया था और वहां अकेला रहने लगा।
किशोर के पिता के मुताबिक, बेटे का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था। नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि किशोर को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह और परिवार में चल रहे विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
वारदात के बाद किशोर ने खुद अपने पिता और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और किशोर को हिरासत में लिया। उस समय वह अपनी मां के शव के पास ही बैठा था। पुलिस के मुताबिक, घटना से संबंधित जानकारी मोबाइल फोन में होने की संभावना है, लेकिन किशोर अपने मोबाइल का पासवर्ड नहीं बता रहा है। पुलिस मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Add Comment