कॉमनवेल्थ गेम्स में ऋषिकांत का दमदार प्रदर्शन, भारत की झोली में आया सिल्वर

नई  दिल्ली,जुलाई 27, 2026


कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत को वेटलिफ्टिंग में एक और बड़ी सफलता मिली। पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में मणिपुर के ऋषिकांत सिंह चनंबम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पदक जीतने के बाद उन्होंने अपनी उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरे देश को समर्पित करते हुए कहा कि इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ भारतीय खेलों को मिला निरंतर सहयोग भी एक महत्वपूर्ण कारण रहा।


पोडियम पर जगह बनाने के बाद ऋषिकांत ने कहा, “मैं यह सिल्वर मेडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरे देश को समर्पित करता हूं। मैंने बहुत कड़ी मेहनत की और आज सिल्वर मेडल जीता। मैं बहुत खुश हूं। आज जो मेडल मैंने जीता है, वह सिर्फ मेरा नहीं है; यह सभी का है, पूरे भारत का है। उन सभी का जिन्होंने मेरा साथ दिया—भारत सरकार, इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन, सपोर्टिंग स्टाफ और मेरे दोस्तों का ग्रुप… यह सभी के लिए है।” प्रतियोगिता में ऋषिकांत ने कुल 264 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। मलेशिया के बिन कस्डन मोहम्मद अनिक ने 273 किलोग्राम वजन के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि केन्या के जोशुआ अमूंगा म्बोया ने 260 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।


अपनी जीत के बाद ऋषिकांत ने अपने कोच विजय शर्मा और सहयोगी टीम के योगदान को भी विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा, “मैं अपने गुरु विजय शर्मा का नाम लेना चाहूंगा। उन्होंने हमें सिखाया कि कैसे मुकाबला करना है और कैसे ट्रेनिंग करनी है। मुझे अपनी ट्रेनिंग को लेकर कोई शक नहीं था। मेरा पूरा ध्यान इसी पर था… सबसे पहले, मैं इसे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित करता हूं क्योंकि उन्होंने हमारे खेलों को बहुत बढ़ावा दिया है।”


ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले केन्या के जोशुआ अमूंगा म्बोया ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यह मेडल मेरे लिए बहुत अहम था, क्योंकि केन्या की वेटलिफ्टिंग टीम को कॉमनवेल्थ मेडल जीते हुए काफी समय हो गया था। इसलिए मैं इस पर पूरा ध्यान दे रहा था, क्योंकि यह मेरा पहला कॉमनवेल्थ कॉम्पिटिशन था। मैं इसे जीतने के लिए बहुत उत्साहित था। तमाम चुनौतियों और संघर्षों के बावजूद, यही मेरा मिशन था।” आगे उन्होंने कहा, “यह एक बड़ी उपलब्धि है। असल में, केन्या में वेटलिफ्टिंग के लिहाज से यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। क्योंकि अभी तक यह केन्या का पहला मेडल है। केन्या की तरफ से मेडल जीतने वाला मैं पहला खिलाड़ी हूं। इसलिए यह मेरे और पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मुकाबला बहुत कठिन था। यह आसान नहीं था। सच कहूं तो मुझे काफी संघर्ष करना पड़ा। लेकिन वह भारतीय खिलाड़ी, मुझे लगता है कि वह मुझसे सिर्फ चार किलोग्राम आगे थे, और अगली बार उन्हें हराने के लिए मुझे उस पर काम करना होगा। इसलिए मुझे ट्रेनिंग करनी होगी। हमारी सरकार और केन्या की नेशनल ओलंपिक कमिटी हमें बहुत सपोर्ट कर रही है। हालांकि, मुझे ओलंपिक स्कॉलरशिप मिली हुई है, लेकिन मैं केन्याई सरकार से बहुत खुश हूं क्योंकि वे एथलीट के तौर पर हमें बहुत सपोर्ट कर रहे हैं।” इस मुकाबले में भारत और केन्या दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी उपलब्धियों से वेटलिफ्टिंग में नए उत्साह का संदेश दिया, जबकि ऋषिकांत का सिल्वर भारत के पदक अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनकर उभरा।


Read Previous

Samsung goes big in India factory ever created

Read Next

Samsung goes big in India factory ever created

Add Comment

Sign up for the Newsletter

Join our newsletter and get updates in your inbox. We won’t spam you and we respect your privacy.