Kartik Aaryan, Mammootty Share Top Acting Honour at 72nd National Film Awards
'राम मंदिर की चोरी से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही BJP', हनुमानगढ़ी विवाद पर जमकर बरसे अखिलेश
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से ध्यान भटकाने के लिए हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़े जाने का ''मिथ्या प्रचार'' कर रही है।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद आया अखिलेश का जवाब
अखिलेश की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस हालिया आरोप के बाद आई है कि सपा ने अपने शासनकाल में हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का ''पाप'' किया था।
महंत आनंद दास का वीडियो किया साझा
यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर हनुमानगढ़ी के महंत आनन्द दास का एक वीडियो साझा किया। खबरों के अनुसार, महंत ने एक समाचार पोर्टल से बातचीत में मुख्यमंत्री के दावे को खारिज किया था।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
वीडियो साझा करते हुए यादव ने आदित्यनाथ का नाम लिए बिना भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, ''भाजपा की चोरी, लूट, छल-कपट, झूठ और फरेब की अधर्मी राजनीति अब प्रभु राम के मंदिर से आगे बढ़कर हनुमानगढ़ी तक पहुंच गई है। जो 'महामुख' हनुमानगढ़ी को लेकर मिथ्या-प्रचार कर रहे हैं, वे अपने महापाप का प्रायश्चित करें और स्वीकार करें कि वे राम मंदिर की चोरी से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं, अन्यथा वे हनुमानगढ़ी की सीढ़ियां घुटनों के बल चढ़कर, आस्था के इस अनादि तीर्थ से क्षमा याचना करें।''
धार्मिक पद के अपमान का लगाया आरोप
यादव ने कहा, ''संकीर्ण राजनीति करते-करते वे भूल जाते हैं कि झूठ बोलकर वे अपने धार्मिक पद का भी अपमान कर रहे हैं। यदि उन्हें झूठ ही बोलना है तो साधारण व्यक्ति की वेशभूषा धारण करके ऐसा करें।'' उन्होंने कहा कि निजी स्वार्थ के लिए आस्था के प्रतीकों का इस्तेमाल कर भोले-भाले श्रद्धालुओं को ठगना ''महा अधर्म'' है।
राम और हनुमान के प्रकोप का किया जिक्र
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हनुमानगढ़ी की अपार आध्यात्मिक शक्ति सामान्य पापियों को दंड दे सकती है तो इन ''महापापियों'' का क्या हश्र होगा, यह कहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ''प्रभु राम और हनुमान जी के प्रकोप से कोई अधर्मी नहीं बचेगा।''
Add Comment