ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिलेगी बड़ी सौगात, यूपी का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बनेगा
लखनऊ,12 जुलाई 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शाहबेरी में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर (दो मंजिला) फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया है। पहले यहां चार लेन का फ्लाईओवर प्रस्तावित था, लेकिन आवश्यक चौड़ाई उपलब्ध नहीं होने के कारण परियोजना के डिजाइन में बदलाव किया गया। यह फ्लाईओवर 130 मीटर रोड के जरिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा, जिससे दिल्ली और गाजियाबाद की यात्रा पहले से अधिक आसान होगी। साथ ही तिगरी चौक पर लगने वाले रोजाना के ट्रैफिक जाम से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहले यहां चार लेन का सामान्य फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम कर रहा था। परियोजना के जीएम एके सिंह ने बताया कि चार लेन के फ्लाईओवर के लिए 15 मीटर चौड़ाई की जरूरत होती है, जबकि मौके पर केवल 14 मीटर जगह उपलब्ध थी। इसी वजह से डिजाइन में बदलाव करते हुए अब केवल 12 मीटर चौड़ाई में तीन-तीन लेन वाला डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है। प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इसका डिजाइन NHAI को प्रस्तुत कर दिया है। NHAI ने अब इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसके बाद निर्माण को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पहले इस परियोजना की अनुमानित लागत 400 करोड़ रुपये थी, जबकि नए डिजाइन के अनुसार अब इसकी लागत लगभग 900 करोड़ रुपये आंकी गई है।
करीब 1400 मीटर लंबा यह डबल डेकर फ्लाईओवर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। फ्लाईओवर के दोनों स्तरों पर वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था रहेगी, जिससे गाजियाबाद और दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। इसके निर्माण में यू-शेप पीयर (U-Shape Pier) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे नीचे की सड़क पूरी तरह चालू रहेगी और आसपास की सोसाइटियों व गांवों के लोग इसे सर्विस लेन के रूप में आसानी से उपयोग कर सकेंगे। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय लोगों को रोजाना के सफर में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Add Comment